Headlines

महापौर द्वारा कमिश्नर हटाने हेतु भेजे गए पत्र में पार्षदों के संदिग्ध हस्ताक्षर,”आप” सतना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

महापौर द्वारा कमिश्नर हटाने हेतु भेजे गए पत्र में पार्षदों के संदिग्ध हस्ताक्षर

“आप” सतना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सतना, 25 मार्च नगर निगम सतना के महापौर योगेश ताम्रकार द्वारा नगर निगम कमिश्नर शेर सिंह मीना को हटाने हेतु मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कई पार्षदों के संदिग्ध और अप्राधिकृत हस्ताक्षरों का मामला गंभीर रूप से संज्ञान में आया है। इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी सतना के जिलाध्यक्ष डॉ. अमित सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर एस.आर. जांगड़े को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

 

हस्ताक्षरों में भारी विसंगति आप की आपत्ति

आम आदमी पार्टी ने अपनी शिकायत में कहा कि महापौर द्वारा भेजे गए पत्र में जिन पार्षदों के हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं, वे 08 अगस्त 2022 के प्रथम सामान्य सम्मिलियन रजिस्टर में उपलब्ध मूल हस्ताक्षरों से मेल नहीं खाते।

पार्टी ने रजिस्टर की प्रमाणिक प्रतियां भी प्रस्तुत कीं, जिसमें दोनों हस्ताक्षरों की असंगति स्पष्ट दिखाई देती है।

जिलाध्यक्ष डॉ. अमित सिंह ने कहा, “यदि यह सिद्ध होता है कि हस्ताक्षर फर्जी हैं, तो यह दस्तावेजीय धोखाधड़ी का स्पष्ट मामला है और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के साथ गंभीर खिलवाड़ है।”

आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतेन्द्र चौरसिया ने कहा कि शहर में लंबित विकास कार्य, सड़कों की खराब स्थिति और स्वच्छता व्यवस्था की दुर्दशा को लेकर जनता में बढ़ते असंतोष से ध्यान हटाने के लिए महापौर एक आई ए एस अधिकारी, नगर निगम कमिश्नर, पर गलत तरीके से आरोप मढ़ रहे हैं।

आप की मांगें

1. सभी हस्ताक्षरों की *सामान्य सम्मिलियन रजिस्टर के मूल हस्ताक्षरों से वैज्ञानिक/फॉरेंसिक मिलान* कराया जाए।

2. संबंधित पार्षदों के *औपचारिक बयान* लिए जाएँ।

3. यदि फर्जी हस्ताक्षर सिद्ध हों तो *दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई* की जाए।

4. महापौर द्वारा प्रसारित पत्र एवं उसके उद्देश्य की *प्रशासनिक समीक्षा* की जाए।

5. भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की रोकथाम हेतु *कड़े दिशा-निर्देश* जारी किए जाएँ।

डॉ. अमित सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस पूरे मामले को *जनविश्वास, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक आचरण* से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय मानती है। पार्टी ने जिला प्रशासन से अपेक्षा की है कि वह इस मामले में शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई कर शहरवासियों के विश्वास को कायम रखे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष जीतेन्द्र चौरसिया,सुखेन्द्र सिंह,रोहित पाण्डेय,राजीव सिंह परिहार,अनिल गर्ग पिंटू,बीरेंद्र सहाय सक्सेना,निशांत श्रीवास्तव, रामकलेश साकेत,एड. विपिन वर्मा,मनीष प्रताप सतनामी,हर्ष बागरी,विजय शंकर द्विवेदी,मोनू नामदेव,अरविंद शुक्ला,चंद्रकांत जायसवाल,भगवान दीन ढोहर,हरी यादव,रूपाली गुप्ता,राजाराम यादव सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

0Shares