Mercedes-AMG ने अपनी पहली फुल-इलेक्ट्रिक CLA 45 4MATIC+ पेश की, जो 680 hp पावर और 670 किमी तक की रेंज के साथ आएगी.
Mercedes-AMG ने अपनी नई जनरेशन की CLA 45 4MATIC को पेश किया है. यह नई गाड़ी इस ब्रांड की पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक CLA मॉडल है. Mercedes-Benz CLA Electric प्लेटफॉर्म पर बनी इस 2026 मॉडल को सेडान और शूटिंग ब्रेक, दोनों बॉडी स्टाइल्स में पेश किया जाएगा.
CLA 45 4MATIC+ में 94 kWh की बैटरी लगाई गई है, जो तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स के साथ काम करती है. एक फ्रंट एक्सल पर और दो रियर एक्सल पर. रियर मोटर्स में AMG की एक्सियल-फ्लक्स मोटर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जो पहले AMG GT 4-Door Coupé में देखी जा चुकी है.
पावरट्रेन और परफॉर्मेंस
यह ट्राई-मोटर सेटअप कुल मिलाकर 670.69 bhp (680 hp) पावर और 1,759 Nm टॉर्क जनरेट करता है, जो पुरानी पेट्रोल AMG CLA के 500 Nm टॉर्क की तुलना में काफी ज्यादा है. सेडान वर्ज़न 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार सिर्फ तीन सेकंड में पकड़ लेती है, जबकि शूटिंग ब्रेक इसी काम में 3.2 सेकंड का वक्त लेती है.
रेंज, चार्जिंग और डिजाइन
WLTP के मुताबिक सेडान वर्जन की रेंज 670 किमी तक जाती है, जबकि फुल चार्ज पर यह 640 किलोमीटर तक चल सकती है. गाड़ी 330 kW की DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है, जिसके कारण इसकी बैटरी 10% से 80% तक चार्ज होने में सिर्फ 22 मिनट का वक्त लेती है. कंपनी का दावा है कि सही परिस्थितियों में सिर्फ 10 मिनट में चार्जिंग से 270 किमी तक की रेंज मिल सकती है.
डिज़ाइन के मामले में CLA 45, स्टैडर्ड इलेक्ट्रिक CLA से अलग नज़र आती है. इसमें 10 वर्टिकल स्लैट्स वाली खास फ्रंट ग्रिल दी गई है, जो ऑप्शनल इल्यूमिनेशन के साथ भी आती है. इसके अलावा इस नई इलेक्ट्रिक कार में एयर इनटेक्स वाले नए बंपर भी लगाए गए हैं.
इसमें AMG बैजिंग, चौड़े व्हील आर्च, साइड स्कर्ट्स और बड़ा रियर डिफ्यूजर भी हैं, जो इस गाड़ी की मुख्य खासियतों की लिस्ट में शामिल हैं. इनके अलावा गाड़ी स्टैंडर्ड तौर पर 19-इंच अलॉय व्हील्स पर चलती है, जबकि 20-इंच व्हील्स को अपग्रेड के तौर पर चुना जा सकता है.
केबिन के अंदर स्पोर्ट बकेट सीट्स, AMG स्टीयरिंग व्हील और Mercedes-Benz के लेटेस्ट Hyperscreen सेटअप के साथ ऑल-ब्लैक थीम दी गई है. वहीं, स्टैंडर्ड रियर बेंच की जगह इसमें दो अलग-अलग रियर सीट्स लगाई गई हैं, जिससे यह फोर-सीटर एक्सक्लूसिव लेआउट में आती है.

