रेल मंत्री ने कहा कि सबसे ज्यादा बुलेट ट्रेनें हैदराबाद-चेन्नई, हैदराबाद-अमरावती, हैदराबाद-पुणे, हैदराबाद-बेंगलुरु, बेंगलुरु-चेन्नई रूट पर आएंगी.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी के साथ हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (HICC) में ‘विकसित भारत-2047 में टेक्नोलॉजी की भूमिका’ कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया. इस मौके पर वैष्णव ने हैदराबाद को हाई-स्पीड रेल हब के तौर पर विकसित करने की योजना की घोषणा की, जिसमें शहर को पुणे, चेन्नई और बेंगलुरु से जोड़ने के लिए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का प्रस्ताव है.
मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद को तीन हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दिए हैं, जो इसका दृश्य बदल देंगे. पुणे से हैदराबाद, हैदराबाद से चेन्नई और हैदराबाद से बेंगलुरु – यह पूरे इलाके के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर बनेगा. हैदराबाद हाई-स्पीड हब बन जाएगा. इससे बहुत अधिक विकास होगा, और इस पूरे इलाके की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से जुड़ जाएगी.”
रेल मंत्री ने कहा कि हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु को जोड़ने वाली बुलेट ट्रेनें आ रही हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र ने तेलंगाना के लिए रेलवे बजट में काफी बढ़ोतरी की है. 7 नए मंजूर बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में से तीन तेलंगाना को दिए गए हैं.
उन्होंने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन अगले साल शुरू हो जाएगी. वैष्णव ने कहा कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन अपने अगले चैप्टर में प्रवेश कर रही है. अगले साल से, निर्माणाधीन मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर सूरत-बिलिमोरा खंड से शुरू होकर चरणबद्ध तरीके से खुलेगा.
वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार ने तेलंगाना में चार इलेक्ट्रॉनिक इंडस्ट्रीज को मंजूरी दी है. अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीति से परे देश के व्यापक विकास के लिए विजन के साथ काम कर रहे हैं.
वैष्णव ने कहा कि 260 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण पहले ही पूरा हो चुका है. इसके तहत तेलंगाना में 40 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए फंड दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि सिकंदराबाद, नामपल्ली और काजीपेट रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम तेजी से चल रहा है.
रेल मंत्री ने कहा, “सबसे ज्यादा बुलेट ट्रेनें हैदराबाद-चेन्नई, हैदराबाद-अमरावती, हैदराबाद-पुणे, हैदराबाद-बेंगलुरु, बेंगलुरु-चेन्नई रूट पर आएंगी. इस तरह के बदलाव से हमारे राज्यों की अर्थव्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना में रेलवे विकास बजट में बहुत बढ़ोतरी की है. पिछली UPA सरकार के दौरान, आंध्र प्रदेश का कुल रेलवे बजट सिर्फ 880 करोड़ रुपये था. लेकिन आज, अकेले तेलंगाना राज्य को 5,454 करोड़ रुपये का बजट मिल रहा है.”
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कांग्रेस की अगुआई वाली पूर्ववर्ती UPA सरकार का संयुक्त आंध्र प्रदेश (तेलंगाना राज्य के गठन से पहले) के लिए रेलवे बजट सिर्फ 880 करोड़ रुपये था, जबकि मोदी सरकार अकेले तेलंगाना पर 5,000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है. उन्होंने कहा कि सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि देश भर में 1,300 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम शुरू किया गया है.

