लाखों मुसाफिरों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं बेलगाम अवैध वेंडर्स
सावधान! मनमाने कीमत पर बेची जाती है दूषित खाद्य सामग्री, नहीं होती है जांच
सतना। रेलगाड़ियों में सफर करने वाले लाखों मुसाफिरों के जीवन से डंके की चोंट पर खिलवाड़ किया जा रहा है। यात्री सुरक्षा को लेकर जिस इंडियन रेलवे में बड़े- बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं पर प्रायोजित तरीके से आला अधिकारी और पुलिस बड़े खेल को अंजाम देते हुए अपनी अवैध कमाई की हसरत को पूरा कर रहे हैं। रेलवे सूत्रों ने बताया कि जिन सैकड़ों अवैध वेंडर्स से लाखों रुपए की वसूली स्वयं रेलवे पुलिस कर रही है, वही मुसाफिरों के बीच दूषित खाद्य सामग्री को परोसने का काम धड़ल्ले से कर रहे हैं। रेलगाड़ियों में दौड़ने वाले अवैध वेंडरों द्वारा घटिया खान-पान सामग्री की आड़ में मुसाफिरों से मनमानी कीमत वसूली जाती है। पुरुष और महिला वेंडरों की डलिया में मौजूद रहने वाली खाद्य सामग्री को बगैर जांच किए ही मुसाफिरों के बीच बेंचने का काम किया जाता है। अवैध वेंडर्स द्वारा परोसे जाने वाले चना, समोसा, आलूबंडा, मुंगफली, चाय सहित अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को परखने का काम जानबूझकर नहीं किया जाता है।

