12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल सतना में विशाल शांतिपूर्ण रैली का आयोजन
एटक नेता राम सरोज कुशवाहा एवं डॉ. अमित सिंह के नेतृत्व में हजारों कर्मचारी–मजदूर उतरेंगे सड़क पर
सतना।: देशभर में प्रस्तावित *12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल* के समर्थन में सतना जिले के विभिन्न विभागों, नगरीय निकायों, पंचायतों, अस्थायी–संविदा कर्मचारियों, आउटसोर्स कर्मियों, मीटर रीडर्स, स्कीम वर्कर्स, परिवहन कर्मियों तथा असंगठित मजदूर संगठनों,सीमेंट कल कारखाने के श्रमिक,ठेका श्रमिक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका द्वारा एक *शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावशाली रैली* का आयोजन किया गया है।
रैली *सुबह 11 बजे सेमरिया चौक (डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल) से प्रारंभ होकर सर्किट हाउस* तक पहुँचेगी, जहाँ *मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा* और संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी हड़ताल की प्रमुख मांगों पर संबोधित करेंगे।
यह पूरा कार्यक्रम *एटक उप महासचिव मध्य प्रदेश कॉमरेड राम सरोज कुशवाहा,अध्यक्ष कॉमरेड अरुण तिवारी* एवं *ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स अस्थायी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन की महासचिव प्रीती गौतम* के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
कॉमरेड राम सरोज कुशवाहा ने बताया कि “श्रम कानूनों में लगातार मजदूर-विरोधी संशोधन, आउटसोर्स व्यवस्था को बढ़ावा, कार्यस्थल की असुरक्षा और न्यूनतम वेतन की अनदेखी ने लाखों कामगारों को संकट में डाल दिया है। 12 फरवरी की हड़ताल देशभर के मजदूरों की एकजुट आवाज है। सतना जिला पूरी ताकत से इस संघर्ष में शामिल होगा।”
डॉ. अमित सिंह, कार्यवाहक अध्यक्ष, संयुक्त मोर्चा ने कहा कि “अस्थायी–संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों का शोषण, मीटर रीडर्स पर अत्याचार,अनुपयोगी टेंडर मॉडल और असुरक्षित कार्य परिस्थितियाँ अब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं। सरकार को स्पष्ट संदेश देना आवश्यक है कि अधिकारों और सम्मान पर समझौता नहीं किया जाएगा। 12 फरवरी को सतना की सड़कों पर अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ेगा।”
हड़ताल एवं रैली को व्यापक समर्थन देने हेतु पंचायत चौकीदार संघ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष राजभान रावत,प्रदेश सचिव नत्थूलाल। कुशवाहा,पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सेन,तथा मीटर वाचक संघ के अरुण गौतम,टेली मेडिसिन कर्मचारी संघ के राम आश्रय वर्मा,सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने अपील करते हुए कहा यह संघर्ष सिर्फ वेतन या सेवा शर्तों का नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और भविष्य की गारंटी का संघर्ष है। सभी कर्मचारी–मजदूर साथी अधिकतम संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक रैली को सफल बनाएं।


