Headlines

शिवपुरी को आधुनिक पर्यटन नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा 

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में

उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ शहर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को लेकर बनी विकास योजना 

शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य म. सिंधिया की अध्यक्षता में आज शिवपुरी शहर के सौंदर्यीकरण, समग्र नियोजन और पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा हेतु एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, विधायक देवेन्द्र जैन, सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर, राकेश गुप्ता, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य शिवपुरी को एक सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं पर्यटन दृष्टि से विकसित नगरी के रूप में स्थापित करना था, जिसमें शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर बल दिया गया।

जनभागीदारी से बनेगा विकास का मजबूत रोडमैप

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी का विकास केवल सरकारी योजनाओं पर निर्भर नहीं है, बल्कि जनभागीदारी और स्थानीय नेतृत्व की सक्रिय भूमिका से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाओं में जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाए ताकि आम नागरिक सीधे इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

शहर का होगा सौंदर्यीकरण और संरचनात्मक विकास

बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण, सड़क चौड़ीकरण और हरित विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्य चौराहों को सिग्नेचर लैंडमार्क के रूप में विकसित करने, दो बत्ती चौराहा पार्क, गणेश गौरी कुंड पार्क, बाजा घर पार्क एवं सिद्धेश्वर टेकरी ग्राउंड का हरित एवं आधुनिक रूपांतरण करने का निर्णय लिया गया। इसी प्रकार सावरकर पार्क, डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क एवं अन्य प्रमुख उद्यानों का नवीनीकरण भी प्रस्तावित है। इसके साथ ही थीम रोड ब्यूटीफिकेशन, वाटर बॉडीज़ का पुनर्जीवन, तथा ट्रैफिक प्रबंधन और रोड सेफ्टी पर विशेष बल दिया गया। शहर के प्रमुख मार्गों जैसे मेडिकल कॉलेज मार्ग, ग्वालियर बाईपास रोड एवं गुना बाईपास रोड पर ऑटो स्टैंडों का पुनर्गठन और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त शहर के प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण और नव-निर्माण को भी स्वीकृति दी गई।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाएगा

पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बैठक में शहर में सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क विस्तार की योजना प्रस्तुत की। इस योजना के अंतर्गत शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कैमरे स्थापित कर निगरानी प्रणाली को मजबूत किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि तकनीकी माध्यमों से अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को और प्रभावी बनाया जाएगा।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर रहेगा विशेष ध्यान

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि शिवपुरी का गौरवशाली अतीत इसकी पहचान है, और हमारा लक्ष्य है कि यह शहर आने वाले समय में संवेदनशील नियोजन, सुदृढ़ आधारभूत संरचना और स्वच्छ वातावरण के साथ विकास का प्रतीक बने। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में शिवपुरी न केवल आधुनिक पर्यटन नगरी के रूप में विकसित होगा, बल्कि यहां की संस्कृति, प्रकृति और इतिहास का अद्भुत संगम भी संरक्षित रहेगा।

0Shares
hacklink satın al matbet matbet bahiscasino betsat betsat pashagaming pashagaming betpas betpas giriş ngsbahis perabet perabet giriş