ग्वालियर :

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में दिए निर्देश
सभी शासकीय कार्यालयों में कार्य करने वाले कर्मचारियों के कार्य स्थल पर उनके नाम की नेमप्लेट अनिवार्यत: लगाई जाए। इसके साथ ही सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों में नॉन अटेंडेंट शिकायत के अधिकारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में उक्त निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित हुई अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को लंबित आवेदनों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत, संयुक्त कलेक्टर श्री विनोद सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम श्री मुनीष सिकरवार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सीएम हैल्पलाइन की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया है कि कोई भी शिकायत नॉन अटेंड पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए। सभी अधिकारी प्रतिदिन सीएम हैल्पलाइन चैक करें और जो भी शिकायत प्राप्त हुई है, उनका समाधानपूर्वक निराकरण भी सुनिश्चित करें। शिकायतों पर की गई कार्रवाई को सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर भी अनिवार्यत: दर्ज किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि सीएम हैल्पलाइन की पुरानी शिकायतों के निराकरण का भी अधिकारी विशेष अभियान चलाकर निराकरण सुनिश्चित करें।
जरूरतमंदों को रेन बसेरा में शिफ्ट करें
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने समीक्षा के दौरान निर्देशित किया है कि सर्दी के मौसम को देखते हुए शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में ऐसे लोग जिन्हें सोने के लिये स्थान नहीं हैं उन्हें रैन बसेरा में शिफ्ट करने का कार्य भी किया जाए। ग्वालियर शहर में नगर निगम के साथ नगर पालिका एवं जनपद स्तर पर जनपद सीईओ यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति सर्दी में परेशान न हो। जिसे जरूरत है उसे रैन बसेरा में शिफ्ट किया जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया है कि नगरीय निकाय एवं जनपदवार प्रतिदिन गाड़ी से घूमकर अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी जरूरतमंद सर्दी के कारण खुले में सोने के लिये मजबूर न हो।
जनगणना के लिये सभी विभागीय अधिकारी दें तत्परता से जानकारी
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहर में जनगणना का कार्य किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिये विभागीय अधिकारियों से जानकारी चाही गई है। सभी विभागीय अधिकारी उक्त कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने-अपने विभाग से संबंधित जानकारी तत्परता से उपलब्ध कराएं ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। नगर निगम के अपर आयुक्त को भी निर्देशित किया है कि वे संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर जानकारी एकत्र करें और जनगणना के कार्य में लगे अधिकारियों को उपलब्ध कराएं।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 की समीक्षा
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 की भी समीक्षा की। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देश भर में 25 लाख गैस कनेक्शन गरीब परिवारों को जारी करने के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। मध्यप्रदेश में योजना के तहत धरती आबा के सभी हितग्राहियों को गैस कनेक्शन दिए जाने को प्राथमिकता दी गई है। ग्वालियर जिले में धरती आबा में 9 ग्राम चयनित हैं। जिनमें 906 गैस कनेक्शन जारी किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने चयनित ग्रामों में गैस एजेंसी के माध्यम से कैम्प आयोजित कर गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं।

