आखिर कब तक जनता का शोषण करेंगे इंजीनियर?” — राहुल सिंह
सतना। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव यूथ विंग कु. राहुल सिंह परिहार ने नगर पालिक निगम सतना में हो रहे डामरीकरण कार्यों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि महापौर योगेश ताम्रकार और जिम्मेदार इंजीनियरों की टीम द्वारा अंधेरे में रातों-रात सड़कें बनवा दी जाती हैं, लेकिन अगली ही सुबह सड़कें उखड़कर गायब हो जाती हैं, जिससे साफ प्रतीत होता है कि निर्माण कार्य पूरी तरह मानकविहीन और भ्रष्टाचार से ग्रस्त है।
राहुल सिंह ने कहा कि—“सतना की जनता की गाढ़ी कमाई से सड़कें बनती हैं, लेकिन भ्रष्टाचारियों के संरक्षण में सड़कें एक रात भी नहीं टिक पातीं। आखिर कब तक इंजीनियर और महापौर जनता का ऐसा शोषण करते रहेंगे?”
उन्होंने बताया कि वार्डवासियों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है, लोग रोजमर्रा की परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों को नजरअंदाज कर केवल कागज़ी कार्यवाही में व्यस्त हैं।
राहुल सिंह ने निगम प्रशासन से तुरंत जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और मानक अनुसार पुनः निर्माण की मांग की, साथ ही चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो आम आदमी पार्टी जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी।